भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ने का अच्छा अवसर सामने आया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 50 हजार से अधिक युवाओं को ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थानों (RSETI) के माध्यम से निःशुल्क प्रशिक्षण देने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए प्रदेश में संचालित 53 प्रशिक्षण केंद्रों की मदद ली जाएगी। यहां युवाओं को अलग-अलग व्यवसायों से जुड़े व्यावहारिक कौशल सिखाए जाएंगे, ताकि वे प्रशिक्षण के बाद खुद का काम शुरू कर सकें।
डेयरी से लेकर मोबाइल रिपेयरिंग तक की मिलेगी ट्रेनिंग
RSETI केंद्रों पर युवाओं को उनकी रुचि और रोजगार की संभावनाओं के अनुसार विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें डेयरी पालन, बकरी पालन, सिलाई, खाद्य प्रसंस्करण, मोबाइल रिपेयरिंग और कंप्यूटर जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को केवल कौशल सिखाना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार शुरू करने के लिए तैयार करना भी है।
प्रशिक्षण के बाद बैंक ऋण दिलाने में भी मिलेगी मदद
प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंक ऋण से जोड़ने में भी सहायता की जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे कारोबार और स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। युवा प्रशिक्षण के जरिए हुनर हासिल कर सकेंगे और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम उठा सकेंगे।
पिछले साल लक्ष्य से ज्यादा युवाओं को दिया प्रशिक्षण
मध्यप्रदेश में RSETI के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण देने के पिछले आंकड़े भी सामने आए हैं। वर्ष 2024-25 में प्रदेश के लिए 35,044 युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जबकि इसके मुकाबले 35,859 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया। इनमें से 27,754 युवाओं का रोजगार या स्वरोजगार से जुड़ना दर्ज किया गया।
देशभर में 6.35 लाख युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में देशभर के ग्रामीण क्षेत्रों से 6.35 लाख युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य तय किया है। इसी दिशा में मध्यप्रदेश में भी प्रशिक्षण का दायरा बढ़ाने की तैयारी है। इस योजना के जरिए ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, पलायन कम करने और उन्हें अपना व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।









