भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश भाजपा में एक बार फिर राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपना प्रस्तावित भोपाल दौरा स्थगित कर दिया है। इसके बजाय उन्होंने मध्यप्रदेश के कुछ मंत्रियों को दिल्ली बुलाया है। जानकारी के मुताबिक, 19 और 20 नवंबर को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें भाजपा शासित राज्यों के संबंधित विभागों के मंत्री शामिल होंगे।
जनता के जुड़ाव वाले विभाग शामिल
इस बैठक में मध्यप्रदेश के पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और सामाजिक कल्याण विभाग से जुड़े मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। बैठक के दौरान इन विभागों के कामकाज, सरकार की योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। मंत्रियों को अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों और योजनाओं की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा लेकर दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण की योजनाओं पर होगी चर्चा
भाजपा मुख्यालय में होने वाली इस बैठक का प्रमुख एजेंडा पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए किए गए कार्यों, अल्पसंख्यक समुदाय के लिए संचालित योजनाओं और सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा करना है। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों में योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लाभार्थियों तक पहुंच और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अलग-अलग चरणों में संबंधित राज्यों के मंत्रियों से बातचीत करेंगे। इस दौरान मंत्रियों से विभागीय उपलब्धियों के साथ भविष्य की कार्ययोजना और योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने के सुझाव भी लिए जा सकते हैं।
राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से भी अहम बैठक
भाजपा शासित राज्यों के मंत्रियों की यह बैठक केवल विभागीय समीक्षा तक सीमित नहीं मानी जा रही है। इसे पार्टी की आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दिल्ली में होने वाली इस बैठक में मध्यप्रदेश के मंत्रियों को अपने विभागों के कामकाज और सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करना होगा। नितिन नवीन का प्रस्तावित भोपाल दौरा टलने और मंत्रियों को सीधे दिल्ली बुलाए जाने के घटनाक्रम को प्रदेश भाजपा की गतिविधियों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, भोपाल दौरा स्थगित करने के पीछे की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।









