राजगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 (NH-52) पर चलती या खड़ी कार की छत पर चढ़कर खतरनाक स्टंट करने वाले एक युवक को राजगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर इस स्टंट का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी तक पहुंचने के लिए कार्रवाई की।
31 अक्टूबर की रात बनाया था वीडियो
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत NH-52 की है। आरोपी मुकेश तंवर (उम्र 25 वर्ष) ने बीते 31 अक्टूबर की रात कार की छत पर खड़े होकर स्टंट करते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया था। बाद में उसने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे।

हुंडई औरा कार जब्त, गंभीर धाराओं में केस दर्ज
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए राजगढ़ थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश तंवर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई हुंडई औरा कार को भी जब्त कर लिया है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़कों और हाईवे पर इस तरह की लापरवाही व स्टंटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









