राजगढ़। जिले के मलावर थाना क्षेत्र के खेजड़ा महाराजा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। भतीजी के घर छोड़कर चले जाने से कथित तौर पर मानसिक तनाव में चल रहे चाचा लक्ष्मीनारायण का शव घर में मिला। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं पुलिस की कथित लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
परिजनों के मुताबिक, 14 नवंबर को लखनवास निवासी एक युवक परिवार की युवती को अपने साथ ले गया था। आरोप है कि युवती जाने से पहले अपने माता-पिता और चाचा को नींद की गोलियां खिला गई थी। सुबह करीब 7 बजे जानकारी मिलने पर परिजन शिकायत लेकर मलावर थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने न तो उनकी सुनवाई की और न ही एफआईआर दर्ज की।

परिजनों का आरोप है कि लक्ष्मीनारायण भतीजी की पढ़ाई और बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी उठा रहे थे। घटना के बाद से वह गहरे तनाव में थे। वहीं, युवती को ले जाने वाले पक्ष की ओर से धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
लक्ष्मीनारायण का शव मिलने के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए थाना प्रभारी को हटाने की मांग की। हालात को देखते हुए एसडीओपी रामस्नेही चौहान पांच थानों के पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसडीओपी ने बताया कि मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।









