अरविन्द तिवारी, रीवा। रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मेडिसिन विभाग के प्राध्यापक एवं पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुरकर को सतना मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित कर दिया गया है। पीजी छात्रा द्वारा लगाए गए आरोपों और छात्रों के लगातार विरोध के बाद मंगलवार को अपर सचिव बबीता वासुनिया ने स्थानांतरण आदेश जारी किया। हालांकि, पीजी छात्र एफआईआर की मांग पर अब भी अड़े हैं। गौरतलब है कि एक पीजी छात्रा ने डॉ. मनोज इंदुरकर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट मेडिकल छात्रों ने हड़ताल और कैंडल मार्च के जरिए विरोध दर्ज कराया। इसके बाद पहले डॉ. इंदुरकर को विभागाध्यक्ष पद से हटाया गया और अब सतना मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। लेकिन छात्रों का सवाल बरकरार है कि क्या केवल तबादला ही पर्याप्त कार्रवाई है, या आरोपों की निष्पक्ष जांच और एफआईआर भी होगी?










