शिवपुरी/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर में बीजेपी की एक बैठक के दौरान दिलचस्प वाकया सामने आया। यहां भाजपा जिला अध्यक्ष जयवंत जाटव ने विधायक प्रीतम सिंह लोधी की तारीफ करते हुए उन्हें बार-बार 'पागल' कह दिया। उन्होंने कहा कि पिछोर विधायक विकास, उन्नति और क्षेत्र की खुशहाली के लिए पागल हैं। जिला अध्यक्ष के इस बयान के दौरान मंच पर बैठे विधायक कुछ असहज नजर आए। वे कभी इशारे से उन्हें रोकने की कोशिश करते तो कभी उनका कुर्ता खींचते दिखाई दिए।
विकास के लिए पागल हैं विधायक: जयवंत जाटव
दरअसल, बैठक के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष जयवंत जाटव विधायक प्रीतम सिंह लोधी के कामकाज की तारीफ कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि हमारा विधायक विकास, उन्नति और खुशहाली के लिए पागल है। वह पिछोर को जिला बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि विकास के लिए हर विधायक को पागल होना चाहिए। जिला अध्यक्ष ने अपने संबोधन में इसी शब्द को कई बार दोहराया। हालांकि, उनका आशय विधायक की विकास कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता बताने से था।
मंच पर विधायक करते रहे इशारे
जयवंत जाटव जब लगातार विधायक को 'पागल' कह रहे थे, तब मंच पर बैठे प्रीतम सिंह लोधी की प्रतिक्रियाएं भी कैमरे में कैद हो गईं। वे कभी जिला अध्यक्ष की तरफ इशारा करते तो कभी उनका कुर्ता खींचकर कुछ कहने का संकेत देते नजर आए। विधायक की इन प्रतिक्रियाओं को देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान भी इस ओर गया। अब जिला अध्यक्ष के बयान के साथ विधायक के इशारों वाला वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।
सीएम मोहन यादव और सिंधिया के दौरे की तैयारी में हुई बैठक
बताया जा रहा है कि पिछोर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का दौरा प्रस्तावित है। इसी कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर बीजेपी की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। इसी दौरान जिला अध्यक्ष जयवंत जाटव ने विधायक प्रीतम सिंह लोधी की तारीफ में यह बयान दिया। फिलहाल उनका यह अंदाज और विधायक की प्रतिक्रिया राजनीतिक चर्चाओं के साथ सोशल मीडिया पर भी सुर्खियां बटोर रही है।









