छिदवाड़ा/तौफीक मिस्कीनी/खबर डिजिटल/बुधवार को अचानक मौसम ने करवट बदल दी। कहीं तेज बारिश तो कहीं आसमान में बादल छाए रहे। देखा गया असमय बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों के मन में मायूसी दिखाई दे रही है कि आने वाले वक्त में कैसा मौसम रहेगा, हालांकि मौसम विभाग अब ठंड की बात कह रहा है, जिसके कारण किसानों को थोड़ी राहत मिलती नजर आ रही है।
किसानों ने लगाई मक्के की फसल
दरअसल किसानों के खेत में इन दिनो मक्के की फसल लगी हुई है, तो वहीं जिले के कुछ किसानों ने खेतों में लगी मक्के की फसल को काट लिया है। जो वर्तमान समय में खेतों में गाहनी के लिए रखा है, लेकिन ऐसे में अचानक बदले मौसम के कारण किसानों को भारी नुकसान होने की संभावना बनी हुई है, जिससे अब जिले के किसानों में भारी चिंता देखने को मिल रही है। बुधवार को सुबह से ही घने काले बादलों का छाए रहना और फिर बारिश होना। कहीं न कहीं किसानों के लिए भारी परेशानी बनी हुई है, वहीं कुछ जगहो में हल्की-फुल्की बारिश के साथ आसमान में काली बदली छाई रही।
मोहखेड क्षेत्र में जोरदार बारिश, किसानो की बड़ी चिंता
बुधवार को देर शाम मोहखेड विधानसभा क्षेत्र में जोरदार बारिश हुई, इसके चलते किसान अपनी फसलों को लेकर बहुत चिंतित है। वर्तमान समय मे खेतों में लगी मक्के की फसल की कटाई का दौर तेजी से चल रहा है, तो कहीं खेतों में मक्के की फसल अभी भी लगी हुई है। ऐसे में अब किसानों के सामने आफत की असमय बारिश ने बड़ा संकट पैदा कर दिया है, जिसके चलते किसान चिंतित और परेशान होते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं कुछ किसानों ने बारिश होने से मक्के में नमी आने की बात कहकर फसल खराब होने की बात भी कही है, जिसमें प्रशासन से आकलन की बात भी कही जा रही है।


