देवास/पवन उपाध्याय/खबर डिजिटल/ देवास में नायब तहसीलदार हर्षल बहरानी को उज्जैन EOW टीम ने देवास तहसील कार्यालय मे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। नायब तहसीलदार बहरानी ने तीन अलग-अलग भूमि के मामलों मे निराकरण के बदले किसान से रुपये की मांग की थी। जिसकी शिकायत मिलने के बाद EOW टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
15 हजार रुपये में हुई थी डील
शुक्रवार को 15 हजार रुपये में डील तय हुई, जिसकी शिकायत किसान ताराचंद पटेल निवासी ग्राम नागोरा ने 27 अक्टूबर को EOW उज्जैन को की थी। EOW उज्जैन की टीम ने शिकायत का पूरा सत्यापन करने के बाद शुक्रवार को योजना बनाकर तहसील कार्यालय में दबिश दी, और 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते नायब तहसीलदार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
काफी दिनों से रोक रखा था काम
किसान ने बताया कि नायब तहसीलदार ने रुपयों के लालच में काफी दिनों से उसका काम रोककर रखा हुआ था, जिससे वो काफी परेशान था, वहीं अब EOW की कार्रवाई से किसान संतुष्ट नजर आया।


