अलीराजपुर-जोबट/संजय वाणी/खबर डिजिटल/ नगर परिषद जोबट की तरफ से कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जोबट परिसर में ‘वंदे मातरम’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, कार्यक्रम में नगर के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, समाजसेवी, पत्रकार, स्कूली विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जोबट आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था, त्रिवर्ण ध्वज, पुष्पमालाएँ और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण उत्साह और गर्व से भर गया।
मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण
कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई, इसके बाद नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम’ गीत का सामूहिक गायन किया, इस दौरान हर व्यक्ति के चेहरे पर देशप्रेम और गौरव की चमक साफ दिखाई दे रही थी।
ये रहे मुख्य अतिथि
मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद उपाध्यक्ष अमृतलाल राठौड़ एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी संतोष राठौड़ उपस्थित रहे, उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम’ केवल गीत नहीं, बल्कि यह राष्ट्र की आत्मा है, यह शब्द हर भारतीय के भीतर देशभक्ति की लौ प्रज्वलित करते हैं, उन्होंने कहा कि नगर परिषद जोबट लगातार ऐसे सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता, सद्भाव और देशप्रेम का संदेश देने का कार्य कर रही है।
देशभक्ति गीतों की धूम
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत,भाषण और कविताएं प्रस्तुत की गईं, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। ‘सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’, ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे गीतों की गूंज से पूरा नगर परिषद परिसर देशभक्ति से सराबोर हो उठा।
बलिदानों की याद दिलाता है ‘वंदे मातरम’
नगर परिषद सीएमओ संतोष राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन हमें हमारे पूर्वजों के बलिदानों की याद दिलाता है, उन्होंने कहा कि वंदे मातरम का उच्चारण करते ही हर भारतीय के भीतर आत्मगौरव और जिम्मेदारी की भावना जागृत होती है, ऐसे आयोजनों से नागरिकों में राष्ट्रीय चेतना का संचार होता है और युवा पीढ़ी को अपने राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश मिलता है।
जनसेवा का लिया संकल्प
नगर परिषद के कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्र के विकास, स्वच्छता, हरियाली और जनसेवा के संकल्प लिए। कार्यक्रम में नगर परिषद उपाध्यक्ष, पार्षदगण, वार्ड प्रभारी, स्थानीय समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि एवं प्रेस मीडिया के सदस्य भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
राष्ट्र को गर्व का कराते हैं अहसास
अंत में नगर परिषद उपाध्यक्ष ने सभी उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर परिषद जोबट नगर के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को सशक्त बनाने के लिए हमेशा तत्पर रहेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नगर के हर नागरिक को अपने राष्ट्र के प्रति गर्व का एहसास कराते हैं और सामूहिक एकता का प्रतीक बनते हैं।
कार्यक्रम का समापन ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ के नारों के साथ हुआ। सभी ने खड़े होकर राष्ट्रगान गाया और देश की समृद्धि व एकता की कामना की।


