सिवनी/विशाल भारद्वाज/खबर डिजिटल/ कान्हीवाड़ा के कॉरपोरल जतिन बंदेवार का चयन अंतरराष्ट्रीय “यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम कम डेजर्ट सफारी कैंप” के लिए किया गया है। कान्हीवाड़ा के लिए गौरव का विषय है, क्योंकि इस कैंप में अंतराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न देशों के युवा प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। यह प्रतिष्ठित कैंप राजस्थान के जैसलमेर स्थित थार मरुस्थल में 12 नवम्बर से 21 नवम्बर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। ये चयन 24 एमपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल थॉमस ओमेन द्वारा किया गया । इस विशेष कार्यक्रम में रूस, कज़ाख़िस्तान और नेपाल सहित विभिन्न देशों के कैडेट्स एवं अधिकारी भाग लेंगे।
डीजी एनसीसी से होगा प्रत्यक्ष संवाद
भारत से चयनित कैडेट्स को इस कैंप के दौरान डीजी एनसीसी (डायरेक्टर जनरल एनसीसी) और विदेशी कैडेट्स से प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिलेगा, जो अपने आप में एक अत्यंत नया अनुभव होगा। यह अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम न केवल संस्कृति, सहयोग और सद्भावना के आदान-प्रदान का माध्यम बनेगा, बल्कि कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन, देशप्रेम, राष्ट्रवाद, आत्मविश्वास और वैश्विक दृष्टिकोण को विकसित करने का भी अवसर प्रदान करेगा।
मरुस्थल की कठिन परिस्थितियों की मिलेगी जानकारी
डेजर्ट सफारी के दौरान प्रतिभागी कैडेट्स को थार मरुस्थल की कठिन परिस्थितियों में जीवन-यापन, साहसिक गतिविधियां, सामरिक कौशल तथा पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के प्रशिक्षण का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा। कॉरपोरल जतिन बंदेवार इस कैंप में अपने महाविद्यालय और 24 एमपी बटालियन एनसीसी का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र कैडेट हैं।
कई लोगों ने दी शुभकामनाएं
एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. शेखर ब्रम्हने 24 एमपी बटालियन एनसीसी के एनसीसी अधिकारी, पी आई स्टाफ द्वारा शुभकामनाएं दीं गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।यह उपलब्धि न केवल जतिन बंदेवार के समर्पण, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का परिणाम है, बल्कि यह कान्हीवाड़ा के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी बनेगी।


