चंदेरी/निर्मल विश्वकर्मा/खबर डिजिटल/ चंदेरी स्थित स्वयं सिद्ध पीठ मां जागेश्वरी मंदिर पर भव्य मां जागेश्वरी लोक के निर्माण के लिए जो मांग रखी गई थी,अब पर्यटन विभाग और ठेकेदार ने निर्माण कार्य करने के लिए प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। जिसको लेकर काम के विस्तार की मांग की जाने लगी है। साथ ही बजट बढ़ाने की भी अपील की गई है।
मां जागेश्वरी लोक का हो रहा निर्माण
बता दें कि 1 अक्टूबर 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष चंदेरी में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मां जागेश्वरी लोक निर्माण कराए जाने की घोषणा की गई थी, और इसके लिए 20 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत कर दी गई थी, जिसमें मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा टेंडर आदि जारी कर 8.55 करोड रुपये का निर्माण कराए जाने तथा 4.02 करोड़ रुपए राशि से लाइटिंग आदि कराए जाने के लिए टेंडर प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है।
मैया के भवन के विस्तार की मांग
पूर्व में मैया के मुख्य भवन का विस्तार किए जाने की मांग रखी गई थी, क्योंकि जो लेआउट मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा बनाया गया है, उसमें मैया के मुख्य भवन का विस्तार किया जाना वर्तमान योजना में शामिल नहीं है, और यह बहुत आवश्यक है, क्योंकि श्रद्धालुओं की जब संख्या बढ़ती है, तब जगह कम पड़ती है, इसलिए मैया के मुख्य भवन का विधिवत विस्तार होना बहुत जरूरी है।
‘लोक निर्माण के लिए अपर्याप्त राशि’
मांग की जा रही है कि 20 करोड़ रुपए की राशि से टेंडर आदि जारी हुए हैं, वह राशि लोक निर्माण के लिए अपर्याप्त है, इसे कम से कम 50 करोड़ रुपये की जाना चाहिए, तब जाकर मैया के मुख्य भवन का विस्तार एवं भव्य लोक का निर्माण हो सकेगा, अन्यथा जो निर्माण अभी किया जाना प्रस्तावित है, उससे कोई व्यापक लाभ मां जागेश्वरी मंदिर को नहीं मिल पाएगा। इसलिए मां जागेश्वरी लोक के निर्माण राशि को विस्तार करते हुए 50 करोड़ की जाना चाहिए और मैया के मुख्य भवन को विस्तार प्रदान किया जाना चाहिए ।
अब तक विधिवत नहीं हुआ शिलान्यास
अभी तक मैया के लोक का विधिवत शिलान्यास नहीं हुआ है, जबकि पूर्व में प्राप्त जानकारी अनुसार अक्टूबर माह में ही मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा मैया के लोक का विधिवत शिलान्यास किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई थी, अब जबकि मैया के लोक का कार्य प्रारंभ होने जा रहा है, तब चंदेरी के नागरिकों सहित क्षेत्रीय जनता की यह मांग है कि मैया के लोक का विधिवत शिलान्यास माननीय मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं क्षेत्रीय सांसद सिंधिया की उपस्थिति में सम्पन्न हो।
चंदेरी के धार्मिक पर्यटन को होगा लाभ
मां जागेश्वरी लोक के निर्माण हो जाने पर देश के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालुओं का आगमन बढ़ेगा, अभी हाल ही में जो धार्मिक पर्यटन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा राज्य शासन ने चंदेरी को प्रदान की है। उसके प्रारंभ हो जाने पर पर्यटकों का आवागमन एवं श्रद्धालुओं का आवागमन हेलीकॉप्टर द्वारा संभव हो सकेगा, जिससे चंदेरी के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, और मैया के लोक का विस्तार जब और बड़ी हुई राशि से होगा, तब इसमें भव्यता आएगी, जो श्रद्धालुओं को एवं सभी को आकर्षित करेगी, इसलिए चंदेरी में स्थित मां जागेश्वरी मंदिर के लोक निर्माण की राशि को 50 करोड़ तक किए जाने की मांग मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव से की गई है।


