श्योपुर/धीरज कुमार बालोठिया/खबर डिजिटल/ जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में बीते दिनों जमीन विवाद के चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई। मारपीट में गंभीर रूप से घायल सुदीप चौहान (49) पुत्र ओंकार सिंह चौहान, निवासी वार्ड क्रमांक 13 महाराणा प्रताप नगर ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
फरियादी ने घायलावस्था में दी जानकारी
पुलिस के मुताबिक, फरियादी ने घायल अवस्था में दुर्गापुरी चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस घायल को मानपुर थाना ले गई और तुरंत जिला अस्पताल भेजा। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद गंभीर चोटों के कारण व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी।
जमीन विवाद का मामला उजागर
प्रारंभिक जांच में मामला जमीन के विवाद का सामने आया बताया गया है कि सुदीप चौहान का कयारपुरा क्षेत्र में एक खेत है, जिसे भत्ते पर दिया हुआ था। जमीन से जुड़े पुराने विवाद और हिसाब-किताब को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान दिलखुश पुत्र सुरेश मीणा, राजेंद्र पुत्र सुरेश मीणा, सुरेश पुत्र रामनाथ और गप्पू पुत्र जुगराज मीणा, सभी निवासी कयारपुरा, ने अचानक हमला कर दिया।
फरियादी ने दी जानकारी
फरियादी के अनुसार, आरोपियों ने सुदीप पर तलवार से वार किया, जो सीधे सिर में लगा और उन्हें गंभीर चोटें आई। जिसके कारण उसकी मौत हुई थी। मानपुर थाना प्रभारी पप्पू यादव के प्रयासों से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, पहले दिलखुश मीणा और गप्पू उर्फ राम अवतार मीणा को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को पुलिस ने राजेंद्र मीणा और सुरेश मीणा को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपियों पर आगे की कार्रवाई जारी है।


