*बरही नगर में तेंदुआ घुसा, बछड़े का किया शिकार; वन विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा*
कटनी – जिले के बरही नगर में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ अचानक आबादी वाले क्षेत्र में घुस आया। नगर परिषद कार्यालय के सामने तेंदुए ने एक बछड़े का शिकार कर लिया, जिसके बाद क्षेत्र में दहशत फैली और लोग घरों में दुबक गए।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंजर गोविंद नारायण शुक्ला के नेतृत्व में डिप्टी रेंजर पंकज द्विवेदी, वन रक्षक चंचल पांडे और विपिन शर्मा ने मौके का निरीक्षण किया और तेंदुए को सुरक्षित तरीके से आबादी से बाहर निकालने की रणनीति तैयार की।
तेंदुए को भगाने के लिए वन विभाग और स्थानीय लोगों ने मिलकर तेज आवाज वाले पटाखे फोड़े। अचानक हुई तेज आवाज और भीड़ देखकर तेंदुआ घबरा गया और भागते हुए जंगल की ओर लौट गया। टीम ने सुनिश्चित किया कि तेंदुआ पूरी तरह से आबादी से दूर पहुंच जाए और किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
घटना के बाद रेंजर शुक्ला ने लोगों से सतर्क रहने और अपने पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शाम के समय जंगल किनारे अकेले न निकलें और किसी भी वन्य प्राणी के दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
वन विभाग की तेजी और स्थानीय लोगों के सहयोग से बड़ी घटना टल गई, लेकिन नगर में तेंदुए के प्रवेश ने लोगों को भयभीत कर दिया है।


