डिंडौरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ जनपद डिंडौरी अंतर्गत ग्राम धुर्रा लुटगांव के ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग के एसडीओ देशमुख के विरुद्ध गंभीर अनियमितताओं की शिकायत जनसुनवाई में दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया कि धुर्रा जलाशय और उसकी नहरों में हर वर्ष होने वाले साफ-सफाई और मरम्मत कार्य पहले नियमित रूप से कराए जाते थे, परंतु एसडीओ देशमुख के पदस्थ होने के बाद से अब तक कोई भी रखरखाव कार्य नहीं कराया गया।
राशि गबन कर निजी उपयोग करने का आरोप
जल समिति सदस्य जय कुमार हिरौंदे ने आरोप लगाया कि शासन द्वारा जलाशय और नहरों के रखरखाव हेतु जारी की जाने वाली राशि का स्थानीय स्तर पर उपयोग नहीं किया गया, जबकि कागजों में कार्य पूर्ण दिखाया जाता रहा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि एसडीओ द्वारा राशि गबन कर अपने निजी स्वार्थ में खर्च की गई है। नहर क्षतिग्रस्त, किसानों को 15 हजार से 2 लाख तक का नुकसान हुआ है। शिकायत में उल्लेख है कि लंबे समय से नहर की मरम्मत न होने और सीपेज बढ़ने से किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं।
(नोट: ये आरोप शिकायतकर्ता के हैं, जिनकी जांच अब तक लंबित है।)
ग्रामीणों के अनुसार
नहर जगह-जगह टूटी हुई है, पानी खेतों तक नहीं पहुंच पाता, फसलों को हर वर्ष भारी नुकसान होता है, कृषक बताते हैं कि प्रति किसान 15 हजार से 2 लाख रुपये तक का नुकसान होता आ रहा है, जिसकी भरपाई के लिए कोई उपाय नहीं किया गया।
प्रशासन से की मांग
किसानों ने जारी राशि का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है, जोकि जलाशय और नहरों की सफाई और मरम्मत के लिए शासन द्वारा जारी की गई, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
एसडीओ पर कार्रवाई की मांग
आवेदकों का कहना है कि कई बार जनपद की सामान्य सभा में एसडीओ देशमुख से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने हमेशा मामले को टालते हुए कोई ठोस जवाब नहीं दिया। ग्रामीणों ने कहा कि लापरवाही के कारण किसानों की स्थिति लगातार खराब होती चली गई है। वहीं मामले की जल्द जांच करने की भी मांग की गई।


