रायसेन/नसीम अली/खबर डिजिटल/ रायसेन जिले की औद्योगिक नगरी मंडीदीप से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक शराब के नशे में धुत युवक ने एक दिव्यांग युवक के ऊपर पेशाब कर दिया। उसके साथ मौजूद एक साथी ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन नशे में चूर युवक पर इसका कोई असर नहीं हुआ, और वो दिव्यांग युवक के चेहरे पर पेशाब करता रहा।
किसी ने रोकने की हिम्मत नहीं की
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि मौके पर मौजूद लोग इस अमानवीय घटना का सिर्फ वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने भी उस युवक को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे मंडीदीप के इंडिया ऑयल पेट्रोल पंप के पास का बताया जा रहा है।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
अब इस घटना ने मंडीदीप की कानून व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो पुलिस तक भी पहुंच चुका है, और पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि यह घटना कल शाम करीब 4 बजे की है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे जिले में आक्रोश और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।


