आलीराजपुर/संजय वाणी/खबर डिजिटल/ जोबट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कंदा (ठाकुर फलिया) स्थित प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ किए जा रहे जातिगत भेदभाव का चिंताजनक मामला सामने आया है। इस प्रकरण की शिकायत क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों द्वारा मिलने पर जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने जिला कलेक्टर को विस्तृत पत्र लिखते हुए इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
जातिगत आधार पर बैठाया अलग
मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा रिंकल पिता सुकला (कक्षा 5वीं) सहित कुछ अन्य छात्रों को कक्षा के दौरान जातिगत आधार पर अलग बैठाने और उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किए जाने की शिकायत मिली। स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी इस तरह के व्यवहार की पुष्टि की, जिसे विधायक ने अत्यंत गंभीर माना है।
‘समान वातावरण पर दिया जोर
विधायक द्वारा दिए गए पत्र में कहा गया है कि विद्यालय में जातिगत भेदभाव करना भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 21 का खुला उल्लंघन है।इस प्रकार का व्यवहार बच्चों के मानसिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास पर अत्यंत नकारात्मक प्रभाव डालता है।,शिक्षा व्यवस्था में अमानवीय और असंवैधानिक गतिविधियों का कोई स्थान नहीं होना चाहिए,विधायक सेना महेश पटेल ने मांग की है कि विद्यालय कंदा (ठाकुर फलिया) में चल रहे इस पूरे प्रकरण की तत्काल, निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच की जाए।यदि शिकायत सत्य पाई जाती है, तो संबंधित शिक्षकों एवं कर्मचारियों पर कठोर विभागीय तथा कानूनी कार्रवाई की जाए विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया जाए कि भविष्य में किसी भी विद्यार्थी के साथ जातिगत आधार पर कोई भी भेदभाव न हो और विद्यालय में समान शिक्षा का वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन से शीघ्र दिलाने की मांग
विधायक ने इस मामले को बच्चों के भविष्य और शिक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता से जुड़ा बताते हुए प्रशासन से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द कार्रवाई कर गांव के बच्चों व अभिभावकों में विश्वास बहाल किया जाए। इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में गहरी नाराजगी है और लोग प्रशासन से शीघ्र न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।
