नई दिल्ली/बंटी प्रहलाद/खबर डिजिटल/ केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने फरवरी 2026 सत्र के लिए केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 27 नवंबर, 2025 को शुरू कर दी है, जिसके लिए बाकायदा कुछ हफ्तों में ही पंजीकरण की प्रक्रिया की शुरुआत हो जाएगी। इससे परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को काफी लाभ मिला है। सीबीएसई से मिली जानकारी के मुताबिक, सीटीईटी के लिए आवेदन विंडो 18 दिसंबर, 2025 को बंद हो जाएगी।
क्या है परीक्षा का पैटर्न?
सीटीईटी परीक्षा, परीक्षा में बैठने वाले उम्मीदवारों की शिक्षण योग्यता निर्धारित करने के लिए आयोजित की जाती है। सीबीएसई द्वारा निर्धारित आधिकारिक पैटर्न के अनुसार, यह परीक्षा दो पेपरों में आयोजित होगी। पेपर 1 कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए है, जबकि पेपर 2 कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए होंगे। यह परीक्षा 8 फरवरी 2026 को भारत के 132 शहरों में 20 भाषाओं में आयोजित की जाएगी।
ये है CTET पंजीकरण कार्यक्रम और आवेदन प्रक्रिया
सीबीएसई ने उम्मीदवारों के लिए निर्देशों के साथ सीटीईटी फरवरी 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके लिए पंजीकरण 27 नवंबर 2025 से शुरु हो जाएगा, वहीं आवेदन एवं शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 18 दिसंबर 2025 (रात 11:59 बजे) रखी गई है। वहीं परीक्षा की तारीख 8 फ़रवरी 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा ओएमआर पर आधारित ऑफलाइन आयोजित की जाएगी।
आवेदन की प्रक्रिया
उम्मीदवारों को केवल आधिकारिक वेबसाइट (ctet.nic.in) के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। आवेदन प्रक्रिया में व्यक्तिगत और शैक्षणिक विवरण भरना, दस्तावेज अपलोड करना और निर्धारित शुल्क का भुगतान करना शामिल है। जिसके बाद आवेदक को एक रसीद मिलेगा, जिसके आधार पर उनका फॉर्म मान्य माना जाएगा।
आवेदन के लिए पात्रता
दोनों पेपरों के लिए पात्रता आवश्यकताए अलग-अलग निर्धारित हैं। उम्मीदवारों को यह सुनिश्चित करना होगा कि वे निर्धारित शैक्षणिक योग्यताओं में से कम से कम एक को पूरा करते हों।
पेपर पहला (कक्षा एक- पांचवी)
न्यूनतम योग्यता में निम्नलिखित में से एक शामिल है:
कम से कम 50% अंकों के साथ वरिष्ठ माध्यमिक (10+2) और प्रारंभिक शिक्षा में 2 वर्षीय डिप्लोमा (डी.एल.एड)
50% अंकों के साथ वरिष्ठ माध्यमिक और 4 वर्षीय प्रारंभिक शिक्षा स्नातक (बी.एल.एड)
50% अंकों के साथ सीनियर सेकेंडरी और विशेष शिक्षा में 2 वर्षीय डिप्लोमा
एनसीटीई मानदंडों के अनुसार 50% अंकों के साथ स्नातक और बी.एड.
पेपर दूसरा (कक्षा छठी-आठवीं)
उम्मीदवारों के पास आवश्यक न्यूनतम अंकों के साथ स्नातक की डिग्री और बी.एड. (पूर्ण या अंतिम वर्ष में) होना आवश्यक है। CTET में बैठने के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष है। कोई ऊपरी आयु सीमा नहीं है।
प्रश्न पत्र और परीक्षा पैटर्न विवरण
सीटीईटी में सभी प्रश्न बहुविकल्पीय प्रारूप में होते हैं, और प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलता है। इस परीक्षा में नकारात्मक अंकन शामिल नहीं है, जिससे उम्मीदवारों को गलत उत्तरों के लिए दंड के बिना सभी प्रश्नों के उत्तर देने की अनुमति मिलती है। यह परीक्षा बहुभाषा माध्यमों में आयोजित की जाती है, और उम्मीदवार आवेदन पत्र भरते समय आधिकारिक सूचना बुलेटिन में दिए गए विकल्पों में से अपनी पसंदीदा भाषा चुन सकते हैं।
पात्रता और पेपर पैटर्न के बारे में अधिक जानकारी के लिए, उम्मीदवार यहां क्लिक करके आधिकारिक सीटीईटी सूचना बुलेटिन डाउनलोड कर सकते हैं ।
विशेष जानकारी
सीटीईटी फरवरी 2026 सत्र के लिए पंजीकरण करने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे नवीनतम जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें, ताकि ताजा जानकारी उपलब्ध हो सके।


