P?c1=2&c2=41463588&cv=3.9
Friday, April 17, 2026
No menu items!
spot_img
Homeमध्यप्रदेशDamoh News : छोटे भाई की जगह परीक्षा देने आया बड़ा भाई…...

Damoh News : छोटे भाई की जगह परीक्षा देने आया बड़ा भाई… कॉलेज की परीक्षा में आया नकली परीक्षार्थी

पीएमश्री महाविद्यालय का मामला

दमोह/वैभव नायक/खबर डिजिटल/ नगर के पीएमश्री उत्कृष्ट महाविद्यालय में शुक्रवार को एक नकली परीक्षार्थी सामने आया है। आरोपी युवक अपने छोटे भाई के स्थान पर परीक्षा देने आया था, जिसे वहां उपस्थित लोगों ने पहचान लिया, जिसके बाद केंद्र अध्यक्ष के द्वारा मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। जानकारी अनुसार नगर के पीएमश्री महाविद्यालय में शुक्रवार को महाराजा छत्रसाल विश्वविद्यालय की बॉटनी की परीक्षाएं आयोजित की जा रही थी। इस दौरान संबंधित विषय एटीकेटी की परीक्षा दे रहे जगदीश पिता नारायण काछी निवासी मगरोन नामक परीक्षार्थी के स्थान पर उसका बड़ा भाई भारत पटेल परीक्षा दे रहा था।

संबंधित विषय के शिक्षक ने कर ली पहचान
युवक अपने छोटे भाई के स्थान पर परीक्षा हाल में उत्तर पुस्तिका लिख रहा था और परीक्षा हाल में ड्यूटी पर तैनात डॉ मुनमुन सेन, सौरभ विश्वकर्मा बाकायदा सभी परीक्षार्थियों पर नजर भी बनाए हुए थे, लेकिन नकली परीक्षार्थी होने की भनक उन्हें नहीं लगी। इस दौरान महाविद्यालय के बॉटनी विषय के शिक्षक नंदराम सुमन केंद्र अध्यक्ष के साथ परीक्षा हाल में पहुंचे, जहां उन्होंने युवक को देखकर उसके असली परीक्षार्थी ना होने का संदेह जताया। संदेह के आधार कर जब युवक से पहचान पत्र मांगा गया तो उसका परीक्षार्थी ना होना स्पष्ट हुआ।

पुलिस तक पहुंचा मामला
युवक की पहचान होने के बाद परीक्षा हाल में मौजूद प्रेक्षकों ने तत्काल इसकी सूचना प्रधान केंद्र अध्यक्ष को दी, जिसके बाद मामले की शिकायत कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई। कोतवाली थाना ने पुलिस ने आरोपी परीक्षार्थी को हिरारासत में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी युवक से पूछताछ में सामने आया है कि युवक एमकॉम का विद्यार्थी रहा है जो छोटे भाई के परीक्षा के दौरान चोटिल हो जाने के चलते उसके स्थान पर पेपर देने आया था। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है और केंद्राध्यक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करेगी।

इनका कहना है
मामले के संबंध में शिकायत प्राप्त होने के बाद युवक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मनीष कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी

परीक्षा के दौरान नकली परीक्षार्थी होना सामने आया है। हमारे द्वारा पुलिस को शिकायत देकर कार्यवाही की मांग की गई है।
सविता जैन, केंद्राध्यक्ष

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

लेटेस्ट