उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ नगर में चाइना डोर पर पूर्ण प्रतिबंध को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा अभियान तेज कर दिया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर उज्जैन पुलिस ने महाकाल थाना क्षेत्र स्थित तोपखाना इलाके में चाइना डोर की सघन चेकिंग की। इस दौरान दुकानदारों को सख्त समझाइश दी गई कि प्रतिबंधित चाइना डोर मानव स्वास्थ्य और पक्षियों के लिए अत्यंत घातक है, इसलिए इसका विक्रय व उपयोग पूर्णतः वर्जित है।
कड़ी कार्रवाई की दी चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी दुकान पर चाइना डोर मिली या उसकी बिक्री की सूचना प्राप्त हुई, तो संबंधित व्यक्ति पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चाइना डोर के दुष्परिणामों की दी जानकारी
इसके साथ ही चाइना डोर के दुष्परिणामों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए पुलिस द्वारा जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, तथा शहरभर में बैनर व पोस्टरों के माध्यम से चेतना अभियान चलाया जा रहा है।


