डिंडौरी/ शैलेश नामदेव / खबर डिजिटल: मुख्यमंत्री के निर्देश पर मध्यप्रदेश में “शासन गांव की ओर” shasan gaon ki aur अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्या सुनी और तुरंत समाधान भी किया।
“शासन गांव की ओर” अभियान के अंतर्गत विकासखंड डिंडौरी की ग्राम पंचायत हिनौता (जनसंख्या 1090) के मुकदम टोला में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें अधिकारियों ने गंभीरता से सुना। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, कुछ समस्याओं के समाधान हेतु समय-सीमा तय कर संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
आवास, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत मांगें उठीं
डिंडौरी चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पक्के मकान, सड़क निर्माण, आम रास्ते की समस्या तथा सामुदायिक भवन जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगें सामने रखीं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सभी जायज मांगों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाएगा।
मतदाता सूची में पारदर्शिता पर जोर
“शासन गांव की ओर” अभियान के अवसर पर हिनौता बीएलओ दान सिंह धूमकेतू द्वारा एसएआर गणना के अंतर्गत उन व्यक्तियों के नामों का वाचन किया गया, जो न तो गांव में और न ही जिले में निवासरत पाए गए। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना तथा डुप्लीकेट और अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया को स्पष्ट करना रहा। इससे ग्रामीणों को मतदाता सूची संबंधी सही और प्रमाणिक जानकारी मिली।
विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी
रात्रि चौपाल में जिला चिकित्सा अधिकारी, पशुपालन अधिकारी, जनजाति कार्य विभाग, पीएचई विभाग, सीईओ जिला पंचायत सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। अधिकारियों ने योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया, ताकि अधिक से अधिक लोग शासकीय योजनाओं का लाभ उठा सकें।
कलेक्टर का स्पष्ट संदेश
डिंडौरी चौपाल के दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा, “धरती आवा योजना के अंतर्गत अधिकारी गांव-गांव, घर-घर जाकर सर्वे कर रहे हैं, ताकि ग्रामीण अंचलों के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक भी शासन की योजनाओं का लाभ पहुंच सके। चौपाल में जो भी मुद्दे सामने आए हैं, उन्हें नोट कर लिया गया है और उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। आप सभी अपनी समस्याएं आवेदन के माध्यम से प्रस्तुत करें, उनका समाधान किया जाएगा।”
Must Read:Aaj Ka Rashifal 2025: मेष से मीन तक का दैनिक भविष्यफल, शुभ रंग और उपाय – Khabar Digital
ग्रामीणों में दिखा भरोसा
“शासन गांव की ओर” चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों में यह विश्वास जगा कि शासन उनकी समस्याओं को सुनने और सुलझाने के लिए सीधे गांव तक पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे गांवों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
“शासन गांव की ओर” अभियान का उद्देश्य
“शासन गांव की ओर” अभियान का मुख्य उद्देश्य चौपालों के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचाना। मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना। प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।
Must Read:हमारे क्षेत्र राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ:- प्रारंभ, विकास एवं समाजोत्थान – Khabar Digital


