सीधी/बृजेश पाण्डेय/खबर डिजिटल/ सीधी जिले के थाना जमोड़ी क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘प्रहार 2.0’ को पुलिस ने एक और बड़ी सफलता दिलाई है। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के कुशल निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना जमोड़ी पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
अवैध गांजा तस्कर पर कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम गाड़ाखोह की ओर भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और एक विशेष टीम गठित कर घेराबंदी के लिए रवाना किया गया।
संदेही को रोककर ली तलाशी
पुलिस टीम ने ग्राम गाड़ाखोह चौराहे पर संदेही को रोककर तलाशी ली। आरोपी ने अपना नाम यज्ञ सेन कुशवाहा, पिता रामशरण कुशवाहा, निवासी उपनी थाना कोतवाली बताया। तलाशी में उसके पास से 3 किलो 10 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त होंडा डिलक्स मोटरसाइकिल भी जप्त की गई। कुल जप्त संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 90,000 रुपये है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस द्वारा प्रारंभिक पूछताछ के बाद अब तस्करी के स्रोत और गांजा की आपूर्ति श्रृंखला की जांच की जा रही है। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपी भी सामने आने की उम्मीद है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सउनि गोविंदलाल साकेत, प्रधान आरक्षक आशीष, राम खेलावन, राजपति, प्रधान आरक्षक चालक अशोक बहरोलिया, आरक्षक अंकित बघेल और महिला आरक्षक कृति त्रिपाठी की अहम भूमिका रही।


