आलीराजपुर/कुलदीप खराड़िया/खबर डिजिटल/ जिले में बिना वैध परमिट के मक्का और गेहूं का परिवहन किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों एवं बाप पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से एक संदिग्ध वाहन को रोककर पुलिस के हवाले किया।
हसैनी झेरिया से जुड़ा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला चंद्रशेखर आजाद नगर निवासी हसैनी झेरिया से जुड़ा हुआ है। उनकी खेरियामली 407 वाहन (क्रमांक J-06 XX-1526) में मक्का व गेहूं का परिवहन किया जा रहा था। ग्रामीणों को सूचना मिली थी कि अनाज परिवहन के लिए आवश्यक मंडी परमिट मौजूद नहीं है, जिसके बाद वाहन को रोका गया।
वाहन को लाए पुलिस थाने
सूचना पर वाहन को रात्रि करीब 3:30 बजे पुलिस थाना परिसर लाया गया। इसके पश्चात सुबह लगभग 9 बजे वाहन का ऑनलाइन चालान काटा गया। मामले की जानकारी मिलते ही मंडी अधिकारी एवं संबंधित आयुक्त भी थाना परिसर पहुंचे। थाना परिसर में संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई। प्रकरण की सूचना तहसीलदार को भी दे दी गई है, वहीं पटवारी के साथ मिलकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। प्रशासन का कहना है कि बिना परमिट अनाज परिवहन के मामलों में सख्ती बरती जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


