खबर digital News कटनी, — नगर में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने और विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शुक्रवार को वंशस्वरूप वार्ड अंतर्गत द्वारका सिटी क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण एवं नाला कवरिंग कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा उपयोग में लाई जा रही सामग्री का बारीकी से अवलोकन किया।महापौर ने बताया कि द्वारका सिटी क्षेत्र की सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क निर्माण एवं नाला कवरिंग कार्य पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। स्थानीय नागरिकों ने कार्य पूर्ण होने पर नगर निगम एवं महापौर के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया।निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को संतोषजनक बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी सभी विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। साथ ही उन्होंने सड़क किनारे सौंदर्यीकरण एवं सुविधा की दृष्टि से पेवर ब्लॉक लगाए जाने के निर्देश संबंधित उपयंत्री को दिए।महापौर सूरी ने कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर में कराए जा रहे सभी विकास कार्य पारदर्शी एवं नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप हैं और आगे भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे।इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सुमित्रा रावत, मेयर इन काउंसिल सदस्य सुरेंद्र गुप्ता, जयनारायण निषाद, पार्षद शकुंतला सोनी, प्रभा गुप्ता, पूर्व पार्षद शिल्पी सोनी, डब्बू रजक, कमलेश चौधरी, उपयंत्री संजय मिश्रा, यश भारत ब्यूरो चीफ आशीष सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महापौर प्रीति सूरी का वंशस्वरूप वार्ड में औचक निरीक्षण, सड़क व नाला कवरिंग कार्य से नागरिकों को राहत
सम्बंधित ख़बरें


