शिवपुरी/अनुज बालोठिया/खबर डिजिटल/ शिवपुरी जिले की जनपद पंचायत करैरा अंतर्गत ग्राम पंचायत दाबरदेही में सरपंच पद के लिए आज मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया एसडीएम अनुराग निंगवाल के निर्देशन में निर्वाचन अधिकारी तहसीलदार सुश्री कल्पना शर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी नायब तहसीलदार विजय त्यागी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत सूत्रकार के मार्गदर्शन में संपन्न कराई गई।
कुल बनाए गए थे तीन मतदान केंद्र
ग्राम पंचायत दाबरदेही में कुल तीन मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें दो मतदान केंद्र ग्राम दाबरदेही में तथा एक मतदान केंद्र ग्राम अंबारी में स्थापित किया गया था। कुल 1608 मतदाताओं में से 1318 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे 82 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह उपचुनाव सरपंच पद के अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के कारण रिक्त हुए पद को भरने के लिए कराया गया। चुनाव मैदान में दो प्रत्याशी श्रीमती कलावती एवं श्रीमती लक्ष्मी आदिवासी आमने-सामने रहीं।
अधिकारियों का रहा विशेष सहयोग
शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ. आयुष जाखड़, दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र सिंह कुशवाहा सहित पुलिस प्रशासन तथा जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रही।


