सीधी/ बृजेश पाण्डेय/ खबर डिजिटल/Sidhi GST Raid: जिले में कर चोरी के खिलाफ जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को शहर के पुराने बस स्टैण्ड के पास स्थित मेसर्स शालू ट्रेडर्स पर छापा मारा। किराना एवं पान मसाला व्यवसाय से जुड़े इस प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर अरविंद कुमार गुप्ता की दुकान और गोदाम पर एक साथ कार्रवाई की गई। छापे के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
पहले से मिली थी शिकायतें
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई माल एवं सेवा कर अधिनियम 2017 की धारा 67(2) के तहत की गई है। विभाग को व्यापारी के विरुद्ध लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। साथ ही जीएसटी पोर्टल पर उपलब्ध डेटा एनालिसिस में टीटीसी और कैश रेशियो में गड़बड़ी तथा कच्चे बिलों के माध्यम से लेन-देन के संकेत मिले थे। इन्हीं आधारों पर विभाग ने छापा कार्रवाई का निर्णय लिया।

गड़बड़ी को छुपाने की संभावना
जीएसटी की 12 सदस्यीय टीम ने दोपहर बाद दुकान और गोदाम में पहुंचकर दस्तावेजों की जांच शुरू की। टीम द्वारा व्यवसाय स्थल पर मौजूद स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है और उसे बुक्स ऑफ एकाउंट से मिलाया जा रहा है। जांच के दौरान व्यापारी द्वारा ट्रेडिंग अकाउंट प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिस पर टीम ने नाराजगी जताई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को अकाउंटेंट द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएंगे।
छापे के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को छुपाने की संभावना को देखते हुए जीएसटी टीम ने दुकान और गोदाम को सील कर दिया है। फिलहाल टीम यह आकलन कर रही है कि स्टॉक और कागजी रिकॉर्ड में कितना अंतर है। कर चोरी की वास्तविक राशि का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
Aaj Ka Rashifal 2025: मेष से मीन तक का दैनिक भविष्यफल, शुभ रंग और उपाय – Khabar Digital
शशि भूषण के नेतृत्व में चल रही जांच
इस कार्रवाई का नेतृत्व राज्य कर अधिकारी शशि भूषण तिवारी कर रहे हैं। उनके साथ मृत्युंजय तिवारी (राज्य कर अधिकारी), ओमकार दुबे, निधि पांडे, साक्षी तिवारी, सत्यनारायण सिंह सहित कुल 12 सदस्यीय जांच दल शामिल है।
अधिकारी का पक्ष
टीम प्रभारी शशि भूषण तिवारी ने बताया कि शालू ट्रेडर्स में शिकायतों के आधार पर छापा मारा गया है। जांच प्रक्रिया जारी है और खातों की पूरी जानकारी मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कर चोरी कहां और कितनी हुई है।


