उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ उज्जैन में 11 जनवरी को राहगीरी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसको लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न जनहितकारी और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव में मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कलेक्टर रोशन सिंह ने दी जानकारी
कलेक्टर रोशन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्दियों के मौसम को देखते हुए प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी राहगीरी महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। 11 जनवरी से इसकी विधिवत शुरुआत होगी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशेष उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और आयोजन स्थलों का निरीक्षण भी किया जा चुका है।
सामाजिक संस्थाओं की होगी भागीदारी
राहगीरी महोत्सव में इस बार भी विभिन्न सामाजिक संस्थाएं भागीदारी करेंगी, जिन्होंने विगत वर्षों में भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी महोत्सव को सांस्कृतिक फ्लेवर के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। महोत्सव की विशेषताओं को लेकर कलेक्टर रोशन सिंह ने बताया कि इस बार प्रत्येक दिन एक विशेष थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूर्व वर्षों में शामिल सभी लोकप्रिय गतिविधियां यथावत रहेंगी, वहीं सांस्कृतिक दलों द्वारा कुछ नए प्रयोग और प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी, जिससे शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी यह महोत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।


