आलीराजपुर/कुलदीप खराडीया/खबर डिजिटल/ जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) स्थित कृषि उपज मंडी में आज किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिली। मंडी में फसलों के औचित्यपूर्ण दाम नहीं मिलने से किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। जिसके कारण उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने जाहिर की पीड़ा
किसानों का कहना है कि कड़ी मेहनत, बढ़ती लागत और मौसम की मार के बाद जब फसल मंडी पहुंचती है, तो वहां उन्हें उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा।
आज मंडी में प्रमुख फसलों के भाव इस प्रकार रहे—
कपास : लगभग ₹7,055 प्रति क्विंटल
मक्का : करीब ₹2,100 प्रति क्विंटल
किसानों में भाव को लेकर मायूसी
इन भावों को लेकर किसानों में गहरा असंतोष है। किसानों का कहना है कि खाद, बीज, कीटनाशक, डीज़ल और मजदूरी की लागत के मुकाबले ये दाम बेहद कम हैं, जिससे लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। मंडी परिसर में मौजूद किसानों ने आरोप लगाया कि व्यापारी मनमाने भाव लगा रहे हैं, सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य का लाभ जमीन पर नहीं मिल रहा है। किसान लगातार घाटे में जा रहा है। कई किसानों ने चेतावनी दी कि यदि भाव में सुधार नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसानों की मांग है कि शासन-प्रशासन मंडी व्यवस्था में हस्तक्षेप करे, भाव पर नियंत्रण लगाए और किसानों को उनकी मेहनत का न्यायसंगत मूल्य दिलाए।


