बड़वानी/संदीप कुशवाह/खबर डिजिटल/ बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सांची दूध का टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें टैंकर के हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तलवाड़ा बुजुर्ग गांव स्थित नंदनी गौशाला के पास सुबह करीब 8 बजे हुआ।
टैंकर असंतुलित होकर पलटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़वानी की सांची दूध डेयरी से लगभग 9700 लीटर दूध लेकर टैंकर (क्रमांक MP 09 GH 6328) राजपुर से सेंधवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान घने कोहरे के कारण चालक को सामने का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दिया, जिससे टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया।
गंभीर घायल इंदौर रेफर
हादसे में टैंकर के हेल्पर कन्हैयालाल मुजाल्दे (35 वर्ष), निवासी ग्राम काटियाखेड़ी, जिला बड़वानी, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक अमजद अहमद शेख (35 वर्ष), निवासी खदान मोहल्ला, बड़वानी, गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल बड़वानी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर इंदौर रेफर कर दिया गया।
हजारों लीटर दूध सड़क पर बहा
दुर्घटना में सड़क किनारे लगा लोहे का बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। टैंकर के ढक्कन पर लगी सील टूटने से हजारों लीटर दूध सड़क पर बह गया, जिससे यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। आसपास मौजूद खेतों में काम कर रहे लोगों ने 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही अंजड़ थाना पुलिस और अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक और घायल के परिजनों में शोक का माहौल है।


