राजगढ़/धर्मराज सिंह/खबर डिजिटल/ राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ उपजेल में गुरुवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कैदी ने सहायक जेल अधीक्षक पर अचानक हमला कर दिया। हमले में सहायक जेल अधीक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सिविल अस्पताल नरसिंहगढ़ लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
सहायक जेल अधीक्षक पर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपजेल नरसिंहगढ़ में बंदी दयाशंकर ने सहायक जेल अधीक्षक रामशंकर पटेल पर अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि देर शाम लॉकअप के दौरान बंदी और सहायक जेल अधीक्षक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। कहासुनी के बाद दोनों के बीच धक्का-मुक्की हो गई।
जेल परिसर में मची अफरा-तफरी
धक्का-मुक्की के दौरान सहायक जेल अधीक्षक रामशंकर पटेल सिर के बल जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
गंभीर धाराओं में किया था गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक आरोपी बंदी दयाशंकर को पूर्व में एक गोलीकांड के मामले में गंभीर धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। यह मामला नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस और जेल प्रशासन द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।


