राजगढ़/धर्मराज सिंह/खबर डिजिटल/ जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान किसानों का गुस्सा मंगलवार को सड़क पर फूट पड़ा। बिजली आपूर्ति से नाराज किसानों नेराजगढ़-खुजनेर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
किसानों ने लगाया आरोप
किसानों का आरोप है कि पर्याप्त बिजली नहीं मिलने के कारण फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। खासकर करेड़ी ग्रिड से जुड़े क्षेत्रों सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में बार-बार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है।
आक्रोशित किसानों ने किया प्रदर्शन
आक्रोशित किसानों ने करेड़ी ग्रिड के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राजगढ़ पुलिस ने किसानों को समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे और बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग करते रहे।
किसानों ने दी चेतावनी
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


