सीधी/बृजेश पाण्डेय/खबर डिजिटल/ जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेबुहा में बाघिन की लगातार मौजूदगी ने पूरे इलाके में भय और अनिश्चितता का माहौल बना दिया है। क्षेत्र में स्थित बघेला रिसोर्ट के आसपास बीते पांच दिनों से एक बाघिन अपने सावक के साथ डेरा जमाए हुए है। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से न केवल पर्यटन गतिविधियां प्रभावित हुई हैं, बल्कि रिसोर्ट कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंताएं खड़ी हो गई हैं।
होटल के आसपास दिख रहे शावक
बघेला रिसोर्ट के संचालक संतोष सिंह ने बताया कि बाघिन और उसका शावक दिन और रात दोनों समय होटल परिसर के आसपास खुलेआम विचरण करते देखे जा रहे हैं। कुछ दिन पूर्व बाघिन ने रिसोर्ट के नजदीक एक गाय और उसके बछड़े का शिकार कर लिया, जिसके बाद स्थिति और भयावह हो गई। इस घटना के बाद एहतियातन रिसोर्ट को लगभग खाली कर दिया गया है। बाहर से आने वाले पर्यटकों ने अपनी बुकिंग निरस्त कर दी है, वहीं कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
हर समय अनहोनी की आशंका
रिसोर्ट स्टाफ का कहना है कि हर समय किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। खासकर रात के समय बाघिन की आवाजाही और गतिविधियों से डर और बढ़ जाता है। जानकारी के अनुसार बाघिन होटल के पिछले हिस्से में विकसित पार्क और खुले क्षेत्र में अधिक सक्रिय रहती है। इसकी वजह से आसपास के ग्रामीण भी शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
शावक की गतिविधियों की जानकारी
पूरे मामले को लेकर संजय टाइगर रिजर्व के एसडीओ सुधीर मिश्रा ने बताया कि वन विभाग को बाघिन और उसके शावक की गतिविधियों की पूरी जानकारी है। विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह क्षेत्र व्योहारी रेंज के बफर जोन में आता है। फिलहाल बाघिन रिसोर्ट के मुख्य भवन में प्रवेश नहीं कर रही है, लेकिन पीछे के पार्क और खुले इलाके में उसका मूवमेंट लगातार बना हुआ है।
वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों को रात में अकेले बाहर न निकलने, मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांधने और किसी भी गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की तैयारी कर रहा है।


