Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशमुनगा पत्तियों की भजिया और कुटकी की खीर ने जीता दिल… उमरिया...

मुनगा पत्तियों की भजिया और कुटकी की खीर ने जीता दिल… उमरिया में मिलेट्स मेले का आयोजन

कुटकी की खीर मन को भाई

बांधवगढ़(उमरिया)/केजी पांडेय/खबर डिजिटल/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मोटे अनाज यानी श्रीअन्न को बढ़ावा देने के संकल्प के अनुरूप मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बांधवगढ़ में भव्य मिलेट्स मेले का आयोजन किया गया। इस फेस्टिवल में देशी और विदेशी पर्यटकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पारंपरिक क्षेत्रीय व्यंजनों का जमकर आनंद उठाया। रागी के आटे का चीला, मुनगा पत्तियों की भजिया और कुटकी की खीर सैलानियों की पहली पसंद बनी। इस आयोजन ने स्थानीय संस्कृति के साथ-साथ पोषणयुक्त श्रीअन्न को नई पहचान दी।

श्रीअन्न को प्रोत्साहित करने की बात
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप मोटे अनाज (श्रीअन्न) को प्रोत्साहित करने तथा क्षेत्रीय व्यंजनों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बांधवगढ़ में राज्य आजीविका मिशन द्वारा भव्य मिलेट्स मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में देशी पर्यटकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में विदेशी सैलानियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्थानीय स्वादों का लुत्फ उठाया।

स्थानीय किसानों की मेहनत को सलाम
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय किसानों द्वारा उत्पादित मोटे अनाजों के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना और पारंपरिक खान-पान को वैश्विक पहचान दिलाना रहा। मेले में रागी, कोदो, कुटकी जैसे पोषक मोटे अनाजों से तैयार व्यंजनों की विशेष स्टॉल लगाई गईं, जिन्होंने पर्यटकों का खास ध्यान आकर्षित किया।

स्थानीय व्यंजनों को जीता दिल
पर्यटकों ने रागी के आटे से बने स्वादिष्ट चीले का भरपूर आनंद लिया, वहीं मुनगा (सहजन) की पत्तियों से बनी कुरकुरी भजिया भी आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा कुटकी से बनी पौष्टिक खीर को भी सैलानियों ने खूब सराहा। कई विदेशी पर्यटकों ने इन व्यंजनों की सेहतमंद खूबियों की प्रशंसा करते हुए इन्हें अपने देश में भी अपनाने की इच्छा जताई।

मोटे अनाजों के प्रति जागरुकता फैलाने की बात
इस फूड फेस्टिवल के माध्यम से स्थानीय स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों को भी अपने उत्पादों के प्रदर्शन का अवसर मिला, जिससे उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के आयोजन न केवल मोटे अनाजों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि पर्यटन के साथ स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को भी नई पहचान दिलाते हैं। बांधवगढ़ में आयोजित यह मिलेट्स मेला पर्यटकों के लिए एक यादगार अनुभव साबित हुआ, जहां क्षेत्रीय व्यंजनों की खुशबू और स्वाद ने सभी का मन मोह लिया।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट