सतना/अंकित शर्मा/खबर डिजिटल/ जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पौड़ी गांव के पास आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मैहर माँ शारदा के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ओमनी वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद वाहन में अचानक आग लग गई। हादसे के चलते मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मैहर की ओर जा रहे थे श्रद्धालु
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओमनी वैन में सवार चार श्रद्धालु मैहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक वाहन की स्टेयरिंग जाम हो गई, जिससे वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर के तुरंत बाद वैन में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा।
ग्रामीणों ने दिखाया साहस
हादसे के समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए कार में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने का प्रयास किया और किसी तरह सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि चालक का पैर वाहन में फंस जाने के कारण उसे बाहर निकालने में देरी हुई, जिससे वह आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया।
तीन गंभीर घायल, ड्रायवर झुलसा
इस दुर्घटना में अवध राज कुशवाहा, भगवान दास कुशवाहा और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि वाहन चालक कृष्ण पाल कुशवाहा आग से झुलस गया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक कृष्ण पाल कुशवाहा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सतना के बिरला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी घायल श्रद्धालु पन्ना जिले के देवेंद्रनगर के निवासी हैं। सूचना मिलने पर उचेहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।


