Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशबैतूल में निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाने नपा अध्यक्ष ने किया औचक...

बैतूल में निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाने नपा अध्यक्ष ने किया औचक निरीक्षण… ठेकेदारों में मचा हड़कंप

समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो कार्रवाई तय

बैतूल/सचिन जैन/खबर डिजिटल/ शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों में तेजी लाने और उन्हें तय समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर द्वारा बुधवार को गंज क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थलों पर ठेकेदारों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। नपा अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कार्य की गति धीमी नहीं होनी चाहिए और सभी काम स्वीकृत ड्राइंग के अनुसार समय पर पूरे किए जाएं।

गंज मंडी निर्माण कार्य पर विशेष जोर
नपा अध्यक्ष ने सर्वप्रथम गंज मंडी के निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। यहां आधार तल की दुकानों का कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश ठेकेदार को दिए गए। ठेकेदार द्वारा बताया गया कि टाइल्स और रोलिंग शटर के ऑर्डर दे दिए गए हैं, जो लगभग 10 से 15 दिनों में प्राप्त होकर लगाए जाने शुरू हो जाएंगे। इससे गंज मंडी के नीचे स्थित दुकानदारों को शीघ्र दुकानों का आवंटन किया जा सकेगा।

स्वीकृत ड्राइंग अनुसार काम पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष ने ठेकेदार को निर्देशित किया कि स्वीकृत ड्राइंग के अनुसार शेष लेआउट का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारम्भ कर कार्य को समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। वर्तमान में गंज मंडी के ग्राउंड फ्लोर की दुकानों को पूर्ण करने का कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

सीसी रोड का निरीक्षण
गंज क्षेत्र में ही कल्पना स्टोर्स के सामने बन रही सीसी रोड का भी निरीक्षण किया गया। यहां एक साइड का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिस पर यातायात प्रारंभ कर दिया गया है। दूसरी ओर की सड़क का निर्माण कार्य भी ठेकेदार द्वारा शुरू कर दिया गया है। नपा अध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क निर्माण कार्य तय समय में पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कोठी बाजार की नाली निर्माण पर भी नजर
कोठी बाजार क्षेत्र में संरचना विकास अंतर्गत निर्माणाधीन नाली का निरीक्षण करते हुए नपा अध्यक्ष ने ठेकेदार को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नाली निर्माण कार्य शीघ्रता के साथ गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।

निरीक्षण में अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के उपयंत्री नागेंद्र वागद्रे, राजस्व शाखा से अखिल राय तथा संबंधित ठेकेदारों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। नपा अध्यक्ष ने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि नगर के विकास कार्य तय समय में पूरे हो सकें।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट