मुरैना/शुभम कुलश्रेष्ठ/खबर डिजिटल/ जिले की पोरसा तहसील स्थित लोक सेवा केंद्र को लेकर एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि लोक सेवा केंद्र के प्रबंधक सत्यभान सिंह तोमर ‘सत्या’ तथा वहां कार्यरत स्टाफ प्रतिदिन कार्यालय परिसर में बैठकर शराब पीते हैं, जिससे केंद्र की गरिमा और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिसको लेकर अब जनता भी सवाल उठाने लगी है।
लोग हो रहे असहज
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह केंद्र आम जनता के जरूरी कामों जैसे आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन, किसान योजनाओं सहित अन्य शासकीय सेवाओं के लिए बनाया गया है, लेकिन यहां शराबखोरी और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। इससे महिलाएं, बुजुर्ग और विद्यार्थी खास तौर पर खुद को असहज महसूस कर रहे हैं।
आम जनता के आरोप
ग्रामीणों व नगरवासियों का आरोप है कि कई बार शराब के नशे में कर्मचारी आवेदकों से दुर्व्यवहार भी करते हैं और काम में जानबूझकर देरी की जाती है। इससे शासन की छवि भी धूमिल हो रही है।लोगों ने मांग की है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर लोक सेवा केंद्र के प्रबंधक सत्यभान सिंह तोमर तथा संबंधित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी कार्यालयों की मर्यादा बनी रहे और आम जनता को सम्मानपूर्वक सेवाएं मिल सकें।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाता है।


