शिवपुरी/अनुज बालोठिया/खबर डिजिटल/ अवैध शराब और मादक पदार्थो के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बैराड़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 80 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सकतपुर रोड पर एक युवक भारी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के लिए ले जा रहा है। सूचना के आधार पर बैराड़ पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को रोका और पूछताछ की।
आरोपी की पहचान और बरामदगी
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुकेश पुत्र खेरूराम कुशवाहा, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम बेहरगमा, थाना बैराड़ बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 80 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। आरोपी शराब रखने का कोई भी वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज
थाना बैराड़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर शराब जब्त की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, प्रधान आरक्षक इकबाल अहमद, आरक्षक ज्ञान सिंह रावत, आरक्षक राहुल किरार एवं आरक्षक मनीष परिहार की विशेष भूमिका रही।


