बैतूल/ सचिन जैन/ खबर डिजिटल/ विश्वकर्मा मंदिर गंज में तीन दिवसीय भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को धार्मिक विधि-विधान के साथ हुआ। पहले दिन भगवान श्री लक्ष्मीनारायण का अभिषेक, हवन एवं पूजन संपन्न हुआ, जिसमें मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धा और आस्था से सराबोर रहा मंदिर परिसर
इस अवसर पर विश्वकर्मा (बढ़ई) समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विधिवत पूजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति और आस्था के वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री विश्वकर्मा से परिवार और समाज के कल्याण का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महिला मंडल ने किया भजन-पूजन और कथा श्रवण
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर महिला मंडल द्वारा सामूहिक भजन-पूजन का आयोजन किया गया। महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक एकादशी की कथा का श्रवण किया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बन गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया आयोजन का आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं पुरुष सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। काव्य पाठ सहित अन्य कार्यक्रमों को उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहना के साथ देखा। पहले दिन धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का संतुलित स्वरूप देखने को मिला।
आज बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम
विश्वकर्मा समाज समिति के अध्यक्ष गणेश मालवी एवं सचिव शशिकांत मालवी ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन 30 जनवरी को बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें फैंसी ड्रेस, गायन, नृत्य, कुर्सी दौड़ एवं रंगोली प्रतियोगिता शामिल रहेंगी। समाज समिति, महिला मंडल एवं युवा मंच ने अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील की है।
