भोपाल/ परवेज खान/ खबर डिजिटल/ शहर एक बार फिर भाषायी और सांस्कृतिक विविधता के भव्य उत्सव का साक्षी बनने जा रहा है। मातृभाषा मंच द्वारा आयोजित मातृभाषा समारोह-2026 का आयोजन 30 और 31 जनवरी तथा 1 फरवरी 2026 को किया जाएगा। यह तीन दिवसीय समारोह बी.एच.ई.एल. दशहरा मैदान, गोविंदपुरा, भोपाल में आयोजित होगा। कार्यक्रम में देश के 18 भाषायी परिवारों की सहभागिता रहेगी। समारोह के दौरान विभिन्न भारतीय भाषाओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मंचित की जाएंगी।
लोकसंस्कृति, भोजन और प्रदर्शनी रहेंगी आकर्षण
समारोह में पारंपरिक भोजन के स्टॉल, लोकवेश, आभूषण तथा भाषायी संस्कृतियों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। नाटिकाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय भाषाओं की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
हजारों लोगों की सहभागिता की संभावना
कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थी, शिक्षक और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज में मातृभाषाओं के महत्व को रेखांकित करने का प्रयास भी है।
मातृभाषा और शिक्षा नीति का संदेश
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में मातृभाषा को शिक्षा का आधार बनाने पर विशेष ज़ोर दिया गया है। इससे बच्चों में बेहतर समझ, रुचि, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक जुड़ाव विकसित होता है। यह समारोह भारतीय ज्ञान परंपरा को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
अंतरराष्ट्रीय संदर्भ और मंच की भूमिका
गौरतलब है कि 21 फरवरी को संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया जाता है, जिसकी प्रेरणा भारत के बांग्ला भाषा आंदोलन से जुड़ी है। मातृभाषा मंच पिछले आठ वर्षों से भोपाल में सक्रिय है और वर्ष 2018 से लगातार इस समारोह का आयोजन कर रहा है। मंच ने सभी भाषायी परिवारों और नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है।


