भोपाल/ परवेज खान/ खबर डिजिटल/ राजधानी के एमपी नगर स्थित डीबी मॉल के सामने अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने गुरूवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का कारण ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर प्रस्तावित एक कार्यक्रम का टाइटल “घूसखोर पंडित” बताया जा रहा है, जिसका ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है। ट्रेलर सामने आने के बाद ब्राह्मण समाज ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए कड़ा विरोध जताया।
समुदाय की भावनाएं आहत होने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के शीर्षक किसी विशेष जाति और समुदाय को लक्षित कर उनका उपहास करने का प्रयास हैं। उनका कहना है कि ऐसे शब्द समाज में नकारात्मक छवि बनाते हैं, जिससे वैमनस्यता फैल सकती है। समाज के प्रतिनिधियों ने इसे मनोवैज्ञानिक हिंसा करार देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रस्तुति से सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है।
न्यायालय और थाने में की शिकायत
अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने मामले में संज्ञान लेते हुए न्यायालय में याचिका दायर की है। साथ ही थाना एमपी नगर, भोपाल में एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन भी सौंपा गया है। समाज की मांग है कि संबंधित कार्यक्रम के टाइटल और प्रसारण पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के दौरान समाज के कई सदस्य मौजूद रहे और प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की गई।


