मुंबई : भारत की अग्रणी रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज़ लिमिटेड (GPL) ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3) के लिए अब तक के सबसे शानदार वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं। कंपनी की बुकिंग वैल्यू साल-दर-साल 55% बढ़कर ₹8,421 करोड़ रही, जो किसी भी तीसरी तिमाही के लिए अब तक का उच्चतम स्तर है। मजबूत बिक्री और बेहतर प्राइसिंग के दम पर कंपनी का शुद्ध लाभ (PAT) भी 20% की बढ़त के साथ ₹195 करोड़ दर्ज किया गया।
बिक्री और कलेक्शंस के नए कीर्तिमान वित्त वर्ष 26 के पहले नौ महीनों में कंपनी ने ₹24,008 करोड़ की कुल बुकिंग वैल्यू हासिल की है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 25% अधिक है। कंपनी अपने वार्षिक लक्ष्य (Guidance) ₹32,500 करोड़ को पार करने की ओर अग्रसर है। विशेष रूप से मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) का योगदान महत्वपूर्ण रहा, जहाँ वर्ली में लॉन्च हुई ‘गोदरेज ट्रिलॉजी’ परियोजना ने अकेले ₹1,742 करोड़ की बुकिंग हासिल की। इसके अलावा, कलेक्शंस में भी 40% की भारी वृद्धि देखी गई, जो ₹4,282 करोड़ रही।
भविष्य की रणनीति और स्थिरता बिजनेस डेवलपमेंट के मोर्चे पर, गोदरेज प्रॉपर्टीज़ ने केवल नौ महीनों में ही अपने वार्षिक लक्ष्य का 123% हासिल कर लिया है, जिसमें ₹24,650 करोड़ की संभावित बुकिंग वैल्यू वाले 12 नए प्रोजेक्ट शामिल हैं। कार्यकारी चेयरपर्सन श्री पिरोजशा गोदरेज ने कहा कि मजबूत लॉन्च पाइपलाइन और स्थिर मांग को देखते हुए, वित्त वर्ष 26 कंपनी के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ वर्ष साबित होने जा रहा है। कंपनी को पर्यावरण संरक्षण के लिए सीडीपी (CDP) से ‘A’ रेटिंग प्राप्त हुई है और इसके नेट ज़ीरो लक्ष्यों को भी वैश्विक मान्यता (SBTi) मिली है।


