भोपाल/ परवेज खान/ खबर डिजिटल/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को रायसेन रोड स्थित एलएनसीटी कैंपस के आर्यभट्ट ऑडिटोरियम में केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रचार अभियान के अंतर्गत आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही, जहां बजट में महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग के लिए किए गए प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपने संबोधन में हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिसमें महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं और प्रोत्साहन कार्यक्रमों को गति दे रही है।
इस अवसर पर प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, महापौर मालती राय एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति भी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने महिलाओं से संवाद करते हुए बजट की प्रमुख योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बजट की जानकारी सीधे समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना रहा।


