हरदा/ नौशाद खान/ खबर डिजिटल/ जिले के टिमरनी में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 84 आवासीय और व्यावसायिक अतिक्रमणों को हटाया। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर एसडीएम संजीव कुमार नागू ने पुलिस और राजस्व अमले के साथ छिदगांव–हरदा रोड पर अभियान चलाया। यह कार्रवाई उस भूमि पर की गई, जहां ओवरब्रिज का निर्माण कार्य प्रचलन में है।
राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट के अनुसार शासकीय भूमि पर वर्षों से पक्की दुकानें और मकान बनाकर कब्जा किया गया था। कुल 84 संरचनाओं को चिन्हित कर पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समयावधि के बाद प्रशासन ने बेदखली की कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीनों से निर्माण ध्वस्त कर दिए।
शहर में और भी बड़े अतिक्रमणों पर नजर
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि टिमरनी शहर के अन्य हिस्सों में भी बड़े पैमाने पर अतिक्रमण मौजूद हैं। आरोप है कि कुछ लोगों ने शासकीय भूमि पर पक्की दुकानें और मकान बनाकर उन्हें किराए पर दे रखा है। कई मामलों में भूमि से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आ रही है।
यदि व्यापक जांच की जाए तो अन्य अवैध कब्जों का भी खुलासा हो सकता है, जिससे राजस्व को लाभ पहुंचेगा और शहर में सुव्यवस्थित विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।


