उज्जैन/कमलेश जाटवा/ खबर डिजिटल/ शहर की व्यवस्था और सुरक्षा को दुरुस्त करने के लिए उज्जैन नगर निगम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आगर रोड स्थित नगर निगम कार्यालय के ठीक पीछे, पांच पीर बाबा की मजार के आसपास वर्षों से काबिज अवैध अतिक्रमण को शनिवार को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया।
बार-बार नोटिस के बाद भी नहीं हटा कब्जा
नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर के अनुसार, मजार के आसपास के क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से अवैध निर्माण कर कब्जा किया गया था। निगम प्रशासन ने इस संबंध में कई बार नोटिस जारी कर अतिक्रमणकारियों को स्वयं कब्जा हटाने की मोहलत दी थी। लेकिन समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी जब कोई कदम नहीं उठाया गया, तो प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जेसीबी के साथ मौके पर धावा बोला।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: 3 थानों का बल तैनात
कार्रवाई की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर भारी सुरक्षा बल तैनात रहा। सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन थानों के पुलिस बल सहित लगभग 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। तीन जेसीबी मशीनों और डंपरों की मदद से अवैध ढांचों को हटाया गया।
असामाजिक तत्वों पर नकेल और क्षेत्र की सफाई
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को सुरक्षित बनाना भी था। स्थानीय निवासियों की शिकायत थी कि अवैध निर्माण और घनी झाड़ियों की आड़ में यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था। अतिक्रमण हटाने के साथ ही निगम ने झाड़ियों और पेड़ों की छंटनी भी की है, ताकि क्षेत्र में पारदर्शिता रहे और सुरक्षा निगरानी बेहतर ढंग से हो सके।


