सिवनी/संतोष बंदेवार/खबर डिजिटल/ ग्राम पंचायत भटेखारी के ग्राम अलीनगर एवं ग्राम जंगलटोला (कान्हीवाड़ा) के लिए यह दिन इतिहास में दर्ज हो गया, जब दोनों ग्रामों से पहली बार युवाओं का देश की सुरक्षा बलों में चयन हुआ। ग्राम अलीनगर निवासी श्यामसिंह कुमरे जी के सुपुत्र सिकंदर कुमरे तथा ग्राम जंगलटोला निवासी दीपसिंह परते जी के सुपुत्र संजू परते का केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में चयन होने पर दोनों ग्रामों में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
रैली, राष्ट्रभक्ति और गर्व का माहौल
दोनों ग्रामों में युवाओं की विदाई हेतु भव्य रैली निकाली गई। रैली के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। ग्रामवासियों ने एकजुट होकर देशभक्ति का अद्भुत परिचय दिया। भारतीय जनता पार्टी मंडल कान्हीवाड़ा के अध्यक्ष एवं जनपद सभापति इंद्रकुमार जंघेला ने दोनों युवाओं के ग्राम पहुंचकर उन्हें शाल एवं श्रीफल से सम्मानित किया तथा स्वयं ग्रामवासियों के साथ रैली में शामिल होकर विदाई दी।
युवाओं के लिए प्रेरणा
सिकंदर कुमरे एवं संजू परते की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। यह सिद्ध करता है कि संकल्प, मेहनत और देशभक्ति से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। पूरे क्षेत्र में इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर हर्ष, गर्व और उत्साह का वातावरण बना हुआ।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर ग्राम अलीनगर में आयोजित कार्यक्रम में इंद्रकुमार जंघेला (मंडल अध्यक्ष, जनपद सदस्य/सभापति), मनोहर उइके, रामसिंह भगत, अखिलेश श्रीवास्तव, दीपेश बर्मन, नवीन चौकसे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दोनों वीर सपूतों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व बधाई दी।


