घंसौर (सिवनी)/मनोज नामदेव/खबर डिजिटल/ सिवनी जिले के घंसौर जनपद मुख्यालय में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। यहां करीब 100 जोड़ों का विवाह कराया जा रहा है, लेकिन कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में भोजन व्यवस्था का टेंडर जिस ठेकेदार को दिया गया है, वह नियमों की अनदेखी करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग कर खाना बनवा रहा है, जबकि नियमानुसार ऐसे बड़े आयोजनों में व्यावसायिक गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
नाबालिग बच्चों से काम
इतना ही नहीं, खाना बनाने के लिए जिन कर्मचारियों को लगाया गया है, उनमें कुछ नाबालिग बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। जब इस मामले की जानकारी लगने पर मीडिया मौके पर पहुंची तो ठेकेदार और वहां काम कर रहे नाबालिग बच्चे कार्य स्थल से भाग खड़े हुए।
तहसीलदार ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
मामले को लेकर जब प्रशासन से बात की गई तो घंसौर तहसीलदार अरुण भूषण दुबे ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जा रही है और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


