सिवनी/राकेश यादव/खबर डिजिटल/ सिवनी के जिला अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां सिटी स्कैन कराने के लिए कर्मचारियों द्वारा पैसे मांगने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
अज्ञात वाहन ने मारी थी टक्कर
जानकारी के अनुसार 2 मार्च की रात युवक राहुल सल्लाम को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। घटना के बाद राहगीरों ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद एम्बुलेंस कर्मियों ने घायल युवक को जिला अस्पताल सिवनी में भर्ती कराया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए सिटी स्कैन कराने की सलाह दी। इसके बाद परिजन अस्पताल में ही सिटी स्कैन कराने पहुंचे, जहां मौजूद कर्मचारी द्वारा उनसे पैसे जमा करने के लिए कहा गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों को बताया कि उनके पास आयुष्मान कार्ड है, लेकिन कर्मचारियों ने कथित तौर पर यह कहते हुए मना कर दिया कि यहां आयुष्मान कार्ड नहीं चलता और सिटी स्कैन के लिए पैसे जमा करने पड़ेंगे। इसी दौरान परिजनों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग में हुई हलचल
वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जांच कराने की बात कही है। उनका कहना है कि यदि जांच में कर्मचारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला सामने आने के बाद जिला अस्पताल में आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।


