डिंडोरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ डिंडोरी जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां पर एक सूदखोर ने न केवल अवैध रूप से ब्याज का धंधा चलाया बल्कि एक ग्रामीण की जिंदगी भर की जमा पूंजी यानी 11 किलो 400 ग्राम चांदी को हजम कर ली। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बेटे के खाते में जमा करता रहा राशि
घटना करीब 3 साल पहले 2023 की बताई जा रही है पीडित रामकुमार साहू निवासी गाडा़सरई ने लाल चौक स्थित सराफा दुकान चलाने वाले रूपचंद साहू पिता मुरारी लाल साहू की दुकान पर अपनी 11 किलो 400 ग्राम चांदी गिरवी रखकर, आठ लाख पचास हजार का कर्ज, दो प्रतिशत मासिक ब्याज पर लिया था। विश्वास के चलते दोनों में कोई लिखित अनुबंध नहीं हुआ। पीड़ित लगातार डिजिटल माध्यम से आरोपी के बेटे के खाते में ब्याज की राशि एवं नगद समय पर जमा करता रहा।
चांदी लौटाने से किया इंकार
विवाद की स्थिति जब बनी तब 2024 में धनतेरस के समय पीड़ित रामकुमार ने मूलधन और ब्याज की राशि लेकर गिरवी रखी हुई चांदी लेने पहुंचा, लेकिन रूपचंद ने चांदी लौटने में आनाकानी की और अंत में रामकुमार को धमकाकर भगा दिया। आरोपी ने उससे साफ कह दिया उसके पास उसकी कोई चांदी गिरवी नहीं रखी है। मामले में जब तूल पकड़ा तो गांव में ही पंचायत (सामाजिक बैठक) बुलाई गई सूत्रों के अनुसार पंचायत में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चांदी पहले ही बेच चुका है। मजबूर होकर पीड़ित ने न्याय के लिए पुलिस थाना का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अवैध सूदखोरी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया । और बाद में उस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बिना लाइसेंस कर रहा सूदखोरी
आरोपी बिना लाइसेंस के अवैध रूप से सूदखोरी का कारोबार कर रहा था, जांच के बाद धोखाधड़ी के साक्ष्य पाए गए जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और अब वह जेल के सलाखों के पीछे है। प्रशासन ने अपील की है कि किसी भी प्रकार के गिरवी या ब्याज का लेनदेन केवल अधिकृत संस्थाओं से ही करें। जिससे आप अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सके, और परेशानी से बच सकें।


