किचन में कई ऐसी मशीनें आ गई हैं. जिससे खाना बनाना आसान हो गया है. एलपीजी गैस स्टोव से लेकर माइक्रोवेव ओवन, इंडक्शन कुकटॉप और एयर फ्रायर से मिनटों में टेस्टी डिश बनकर तैयार हो जाती है. हालांकि पश्चिम एशिया में ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध के चलते एलपीजी सिलडंर मिलने में मुश्किले हो रही हैं.जिसका सीधा असर भारत जैसे देशों की रसोई पर भी पड़ सकता है. ऐसे में लोग एलपीजी गैस के विकल्पों के बारे में सोचने लगे हैं.आइए जानते हैं कि गैस स्टोव, माइक्रोवेव, इंडक्शन कुकटॉप और एयर फ्रायर में से कौन-सा विकल्प सस्ता और ज्यादा उपयोगी साबित हो सकता है.
सबसे पहले बात करते हैं एलपीजी गैस स्टोव की
भारत के अधिकतर घरों में यही सबसे आम कुकिंग तरीका है. गैस स्टोव सीधी आंच पर काम करता है, इसलिए इसमें रोटी, सब्जी, दाल, चावल और तलने-भूनने जैसे लगभग सभी पारंपरिक भारतीय व्यंजन आसानी से बनाए जा सकते हैं. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसे चलाने के लिए बिजली की जरूरत नहीं होती और आंच को अपनी जरूरत के अनुसार तुरंत कम-ज्यादा किया जा सकता है, लेकिन इसकी कुछ कमियां भी हैं. गैस सिलेंडर की कीमत लगातार बढ़ रही है और कई बार सिलेंडर की कमी भी हो जाती है.
अब बात करते हैं माइक्रोवेव ओवन की.
यह कई सालों से लोगों के बीच लोकप्रिय है और खासकर शहरों में लगभग हर घर में देखने को मिल जाता है. माइक्रोवेव बिजली के जरिए खाने को गर्म करता है, जिससे खाना जल्दी गर्म हो जाता है. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह कम समय में खाना गर्म करने और बेकिंग जैसे कामों के लिए बहुत उपयोगी है. कम मात्रा में खाना बनाने या बचा हुआ खाना दोबारा गर्म करने के लिए यह काफी उपयोगी है. हालांकि माइक्रोवेव में खाना बनाने के लिए माइक्रोवेव-सेफ बर्तन चाहिए होते हैं और इसमें रोटी या पराठा जैसे पारंपरिक व्यंजन बनाना आसान नहीं होता.
एयर फ्रायर भी पिछले कुछ वर्षों में काफी लोकप्रिय हुआ है. इसमें भी खाना पकता है, जिससे डीप फ्राइंग जैसा स्वाद मिलता है लेकिन बहुत कम तेल का इस्तेमाल होता है. हेल्दी खाने के लिए इसे अच्छा विकल्प माना जाता है. इसमें स्नैक्स, फ्रेंच फ्राइज, टिक्की या रोस्टेड आइटम आसानी से बनाए जा सकते हैं. यह छोटा और पोर्टेबल भी होता है, इसलिए कम जगह में भी आसानी से रखा जा सकता है. हालांकि इसकी कमी यह है कि इसमें बिजली की खपत ज्यादा होती है और यह रोजमर्रा के भोजन जैसे दाल, चावल या रोटी बनाने के लिए ज्यादा उपयोगी नहीं है.
अगर इन सभी विकल्पों की तुलना की जाए तो इंडक्शन कुकटॉप सबसे आगे माना जाता है, क्योंकि यह सीधे बर्तन को गर्म करता है और बिजली की बर्बादी बहुत कम होती है. लेकिन लागत और रोजमर्रा के उपयोग के हिसाब से एलपीजी गैस स्टोव अभी भी भारतीय रसोई का सबसे किफायती और भरोसेमंद विकल्प बना हुआ है. वहीं माइक्रोवेव जल्दी खाना गर्म करने के लिए अच्छा है और एयर फ्रायर कम तेल में हेल्दी स्नैक्स बनाने के लिए बढ़िया माना जाता है.


