सीधी/बृजेश पाण्डेय/खबर डिजिटल/ मिडिल ईस्ट में जारी ईरान और अमेरिका व इजराइल के बीच चल रहे युद्ध एवं बढ़ते तनाव का असर अब दिखने लगा है। अफवाहों के चलते लोगों का हुजूम रसोई गैस लेने एवं पेट्रोल पंपों में उमडने लगा है।हालांकि सीधी जिले में रसोई गैस एवं पेट्रोल की आपूर्ति आज अनवरत रूप से बनी रही। फिर भी लोगों में अफवाह का इतना ज्यादा असर बढ़ रहा है कि जरूरत न होने पर भी रसोई गैस सिलेंडर लेकर लोग एजेंसियों में कतार लगाए नजर आए। सीधी शहर के जिन प्वाइंटों में रसोई गैस का वितरण होता है वहां भी आज रसोई गैस लेने के लिए लोगों की भीड़ नजर आई। चर्चा के दौरान गैस एजेंसियों के कुछ कर्मचारियों का कहना था कि वर्तमान में रसोई गैस का स्टाक मौजूद है। फिर भी लोग जरूरत न होने के बावजूद रसोई गैस लेने के लिए भीड़ लगा रहे हैं। रसोई गैस लेने के लिए जगह-जगह लोगों की उमड़ती भीड़ को लेकर अन्य लोग भी खाली गैस सिलेंडर लेकर चक्कर काटने की तैयारी कर रहे हैं।
कामर्शियल सिलेंडर की बुकिंग की सीमित
व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर प्रतिबंध दरअसल गैस की वैश्विक सप्लाई प्रभावित होने के कारण केंद्र सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के लिए व्यावसायिक गेस सिलेंडरों की आपूर्ति पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश जारी किए हैं। सरकार के निर्देश के बाद तेल विपणन कंपनियों ने गैस एजेंसियों को कामर्शियल सिलेंडर की बुकिंग सीमित करने के आदेश दिए हैं। विशेष रूप से होटल, रेस्टोरेंट और अन्य निजी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल गैस की आपूर्ति रोंकने के निर्देश दिए गए हैं। गैस एजेंसियों के नोटिस बोर्ड पर जिसकी नोटिस चस्पा हो चुकी है। हालांकि अस्पताल, जेल, पुलिस किचन और प्रतिष्ठानों जैसे अत्यावस्यक सेवाओं में गैस की आपूर्ति पहले की तरह जारी रहेगी।
25 दिन बाद होगी बुकिंग
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए नई व्यवस्था घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी नई व्यवस्था लागू की गई है। अब एक घरेलू गैस सिलेंडर मिलने के बाद उपभोक्ता को अगले सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन बाद ही करने की अनुमति होगी। इस वजह से भी बिना जरूरत सिलेंडर लेने वाले ज्यादा परेशान दिख रहे हैं। उधर पेट्रोल पंपों में भी अफवाह के चलते पेट्रोल लेने वालों की भीड़ आज सुबह से ही उमड़ती नजर आई। जो व्यक्ति पहले 100 रुपए का पेट्रोल बमुश्किल डलाते थे अब वह 500 रुपए का पेट्रोल डलवाने की जिद पर अड़े हुए हैं। इसके अलावा कुछ लोग तो डिब्बा और गैलन में भी पेट्रोल जमा करने में मुस्तैद नजर आए। शहर के अस्पताल तिराहा स्थित पेट्रोल पंप आज दूसरे दिन भी ड्राई रहा। जिसके चलते लोगों को अन्य पेट्रोल पंप में जाने की मजबूरी रही।


