रीवा/अरविंद तिवारी/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के रीवा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एसडीएम कार्यालय हुजूर के अंदर कथित रूप से शराब पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। वीडियो में कार्यालय के कुछ कर्मचारी दफ्तर के अंदर ही शराब पीते नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार शहर के कॉलेज चौराहे पर बने अत्याधुनिक अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय में देर रात यह घटना सामने आई। वायरल वीडियो में एसडीएम कार्यालय के रीडर धर्मेंद्र पटेल और दिलीप पाल जाम टकराते हुए दिखाई दे रहे हैं।
लोगों में दिखाई दी नाराजगी
बताया जा रहा है कि जब एक युवक ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो दोनों कर्मचारियों ने नशे की हालत में उसके साथ झूमाझटकी की और उसका मोबाइल भी छीन लिया। इस दौरान कार्यालय के भृत्य सहित कई कर्मचारी मौके से निकल गए। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी दफ्तर में इस तरह की गतिविधि को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश
मामला सामने आने के बाद एसडीएम ने इसकी जांच के निर्देश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार को सौंपी गई है। साथ ही वीडियो में नजर आ रहे दोनों कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। प्रशासन का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


